कांग्रेसी ने प्रदर्शन करते हुए भाजपा के मंत्री का किया पुतला दहन

Advertisement
अमरपाटन (नरेन्द्र पटेल)। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर अमरपाटन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने आज सतना चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन मंत्रियों और मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके पुतले दहन किए। पुलिस ने प्रदर्शन को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश सरकार में सत्ता का नशा चढ़ गया है। वे लगातार जनता से झूठ बोल रहे हैं और अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, जो नैतिकता के खिलाफ है। विशेष रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर निशाना साधा गया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा 'औकात' जैसे अपमानजनक शब्द का प्रयोग।
छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड में बच्चों की मौत के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का बचाव करने का आरोप।
महिला एवं बाल विकास मंत्री विजय शाह द्वारा सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित और अपमानजनक टिप्पणी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा लगातार कर्ज लिए जाने के बावजूद उस राशि के उपयोग की जानकारी विधानसभा में नहीं दी जा रही, बल्कि अपशब्दों और बहस से मुद्दों को टाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तीनों मंत्रियों और मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष रामनगर दीपा दीपू मिश्रा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष विनय चौरसिया, उपाध्यक्ष कौशलेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह रामनगर सहित ब्लॉक कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कांग्रेस ने इसे भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की असंतोष की अभिव्यक्ति बताया है।
