इंदौर, रविकांत वर्मा। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में आधी रात सुजुकी एक्सेस गाड़ी में आग लगाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने गाड़ी को आग के हवाले किया था।


दरअसल, 1 अक्टूबर की रात करीब सवा दो बजे पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में फरियादिया की सुजुकी एक्सेस गाड़ी को अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी। आग लगने से गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।


थाना प्रभारी सतीश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को चार संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी राज की गर्लफ्रेंड और फरियादिया के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर राज ने अपने साथी रजत, रमजान और एक नाबालिग के साथ मिलकर फरियादिया की गाड़ी जलाने की साजिश रची। आरोपियों ने पहले अपनी सुजुकी एक्सेस से घटनास्थल की रेकी की और इसके बाद मौका देखकर गाड़ी में आग लगा दी।


जांच में यह भी सामने आया कि राज गाड़ी खरीदने-बेचने का काम करता है और उसके खिलाफ पूर्व में लूट व मारपीट सहित आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी रजत उसके यहां काम करता है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को कितनी रकम दी गई थी और भुगतान किस माध्यम से किया गया।