इंदौर, रविकांत वर्मा । इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों की बेखौफ करतूत सामने आई है। पीसी सेठी अस्पताल के सामने एबी रोड पर चेकिंग पॉइंट पर तैनात आरक्षक लाल साहब जाटव पर स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कथित तौर पर गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस के रोकने के इशारे के बावजूद चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड तोड़ते हुए आरक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक के पैर पर स्कॉर्पियो का पहिया चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर पलासिया के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चेकिंग पॉइंट पर बढ़ाई रफ्तार

जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन सदर बाजार निवासी आरक्षक लाल साहब जाटव पीसी सेठी अस्पताल के सामने एबी रोड पर चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से वहां पहुंची। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।

बैरिकेड तोड़ा, जवान को मारी टक्कर

आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने चेकिंग पॉइंट पर लगे बैरिकेड को टक्कर मारकर तोड़ दिया और आरक्षक लाल साहब जाटव को भी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया आरक्षक के पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीछा कर पलासिया के पास दबोचे गए आरोपी

वारदात के बाद आरोपी स्कॉर्पियो लेकर मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया और पलासिया के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक अनुज मीणा और उसके साथी शिवम को गिरफ्तार कर लिया।

जानलेवा हमले का मामला दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनुज मीणा निवासी देवास, हाल मुकाम पालदा और उसका साथी शिवम निवासी बैरागढ़, भोपाल है। दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने समेत बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।