जबलपुर,अनुराग शुक्ला। स्मार्ट सिटी कार्यालय से जुड़ा एक विवाद इन दिनों चर्चा में बना हुआ है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं आईएएस अधिकारी अरविंद शाह, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और एक महिला कर्मचारी के बीच आरोप–प्रत्यारोप सामने आए हैं, जिससे मामला संवेदनशील हो गया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत वेतन रोके जाने के मुद्दे से हुई। संबंधित महिला कर्मचारी ने वेतन नहीं मिलने पर अधिकारियों से संपर्क किया। इस दौरान उनके साथ कथित रूप से अमर्यादित व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर मंत्री राकेश सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारी से चर्चा की। इस घटनाक्रम के बाद मामला प्रशासनिक और सियासी स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। विवाद उस समय और गहरा गया जब महिला कर्मचारी द्वारा शपथ पत्र के माध्यम से गंभीर आरोप लगाए गए। हालांकि, इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस पूरे प्रकरण में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से विस्तृत और स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में वास्तविक स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मामले की जानकारी उच्च स्तर तक पहुंची है और इसकी जांच की संभावना जताई जा रही है।

