बैतूल जिले के चिचोली में टांडा सिद्ध हनुमान मंदिर में उमड़ा जनसैलाब

Advertisement
बैतूल, सुरेन्द्र बावने । बैतूल जिले के चिचोली ब्लॉक के टांडा जोड़ स्थित प्राचीन सिद्ध हनुमान मंदिर में 23 जनवरी से 31 जनवरी तक चल रहे श्री रामकथा एवं 11 कुंडीय महायज्ञ में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। यह भव्य आयोजन संस्कार समिति के तत्वावधान में हो रहा है, जिसमें इंदौर से पधारे गोस्वामी महंत कमल गिरि महाराज कथा वाचन कर रहे हैं।
महंत कमल गिरि महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि संसार में जो व्यक्ति धैर्य और संयम के साथ धर्म का कार्य करता है, वही शीघ्र लक्ष्य प्राप्त करता है। जल्दबाजी में कार्य बिगड़ जाता है। उन्होंने गुरु, माता-पिता की सेवा करने और उनका आशीर्वाद लेने पर जोर देते हुए कहा कि यह जीवन को कल्याणकारी बनाता है।
आयोजक संस्कार समिति के शांतिबन गोस्वामी ने बताया कि राम-लक्ष्मण, भरत-शत्रुघ्न तथा कृष्ण-बलराम के भाई-भाई के प्रेम की तरह हमें भी अपने जीवन में प्रेम और सद्भाव बनाए रखना चाहिए, ताकि जीवन सुखमय बने।
11 कुंडीय महायज्ञ में यज्ञाचार्य संतोष पाठक द्वारा विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ अग्नि प्रज्वलित की गई है। सुबह-शाम यजमानों द्वारा हवन में पूर्णाहुति दी जा रही है, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्य ऊर्जा से भर गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि चिरापाटला एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनता इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हो रही है और धर्म का लाभ ले रही है। कार्यक्रम को सफल बनाने में चिचोली नगर परिषद अध्यक्ष वर्षा रितेश मालवीय, वरिष्ठ नागरिक अशोक राठौर, अनिल यादव, अस्सू राठौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति प्रतिदिन पहुंचकर सहयोग कर रहे हैं।
