मैहर/देवास। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में मां कालरात्रि स्वरूप की पूजा-अर्चना की जा रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के देवास और मैहर के मंदिरों में शनिवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
नवरात्रि के सातवें दिन देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी पर दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पहुंचे। प्रातः आरती में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मां चामुंडा माता के दरबार में कुछ श्रद्धालु ऐसे भी होते हैं जो मन्नत मांगते हैं और घुटनों के बल चलकर यहां पहुंचते हैं। माता का मंदिर अति प्राचीन है, इसे रक्त-पेट भी कहा जाता है क्योंकि माता सती का यहां पर रक्त गिरा था। मान्यताओं के अनुसार, जो भी भक्त सच्चे मन से यहां मन्नत मांगता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है।
इसी तरह, मैहर स्थित त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा शक्तिपीठ धाम में मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दूरदराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर के प्रधान पुजारी पवन जी महाराज (दाऊ सरकार) ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस दौरान मैहर नगरी पूरी तरह भक्तिमय माहौल में नजर आई।














