पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। नगर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के समीप स्थित हजूरी तालाब में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा का शव तैरता हुआ मिला। मृतका की पहचान किरण सोनकर (17) पिता खिचडू सोनकर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।


परिजनों के अनुसार किरण 29 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद 30 जुलाई को अजयगढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मृतका के जीजा सुनील सोनकर ने बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी घर पर मौजूद थे, जबकि मृतका के माता-पिता किसी काम से जौनपुर गए हुए थे। रातभर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।


शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक राहगीर ने घर के बगल स्थित हजूरी तालाब में शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


अजयगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


इस हृदयविदारक घटना से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं छात्रा की असमय मौत से पूरे नगर में शोक और स्तब्धता का माहौल है।