इंदौर। मध्य प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर अपनी बेबाक जुबान और विवादित बयानबाजी के कारण सुर्खियों में आ गए हैं। इंदौर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए मंत्री विजयवर्गीय ने अपनी ही पार्टी की महिला पार्षद संध्या यादव के शारीरिक गठन पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। भाषण के प्रवाह में उन्होंने सार्वजनिक मंच से माइक पर कहा कि "संध्या दीदी की चौड़ाई थोड़ी बढ़ गई है।"
मंत्री के इस कटाक्ष पर कार्यक्रम में उपस्थित तमाम लोग ठहाके लगाकर हंसने लगे, लेकिन महिला जनप्रतिनिधि के वजन और शारीरिक बनावट को लेकर सरेआम की गई यह फब्ती अब उनके लिए गले की फांस बनती दिख रही है।
घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक हल्कों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। नेटिजन्स और विपक्षी खेमे ने इसे सीधे तौर पर एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली 'बॉडी शेमिंग' करार दिया है। सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणियों को लेकर अब विजयवर्गीय चौतरफा आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं।




