लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दरोगा खेड़ा के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में यूपी 112 मुख्यालय में तैनात दरोगा सत्येंद्र सिंह की मौत हो गई है।
ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दरोगा सत्येंद्र सिंह (51 वर्ष) मूल रूप से कानपुर नगर के सनिगवां कोयला नगर के रहने वाले थे और यूपी पुलिस के 1995 बैच के दरोगा थे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह कानपुर से लखनऊ अपनी ड्यूटी के लिए आ रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के लिए उन्हें काफी देर हो चुकी थी, जिसके चलते वह कार तेज रफ्तार में चला रहे थे। सरोजनीनगर में दरोगा खेड़ा के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सीधे डंपर में जा घुसी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
डंपर और कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दरोगा सत्येंद्र सिंह उसमें गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल दरोगा को आनन-फानन में सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे की दुखद सूचना सत्येंद्र सिंह के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। उनके परिवार में पत्नी अलका सिंह और एक बेटा राज है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।




