पन्ना, अमित सिंह राठौर। जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी खेरा अंतर्गत लुहरहाई के घने जंगल में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान संदीप गोंड के रूप में हुई है। आरोप है कि संदीप को उसकी प्रेमिका ने मिलने के लिए बुलाया था, जिसके बाद उसकी पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को भारी चट्टानों के नीचे छिपा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर की रात संदीप अपने कुछ दोस्तों के साथ प्रेमिका के बुलावे पर उससे मिलने लुहरहाई क्षेत्र में गया था। दोस्तों के वापस लौटने के बाद संदीप वहां से नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को संदीप की मोबाइल लोकेशन की जानकारी भी दी, इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
लगातार तलाश के बाद परिजन खुद जंगल पहुंचे, जहां उन्हें भारी चट्टानों के नीचे संदीप का क्षत-विक्षत और सड़ चुका शव मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की जानकारी सामने आते ही ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम घटना के कारणों और हत्या में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पन्ना जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि मोबाइल लोकेशन के आधार पर समय रहते तलाश की जाती तो संभवतः संदीप को बचाया जा सकता था। फिलहाल पुलिस पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




