भिंड,अक्षय जोशी। जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित भारौली रोड के एक मैरिज गार्डन में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भाजपा नेता डॉ राजकुमार सिंह कुशवाहा को बकायदारों ने घेर लिया। बताया जा रहा है कि वे एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, तभी दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों ने उन्हें चारों ओर से घेरकर अपने पैसे की मांग शुरू कर दी।
बकायदारों का आरोप है कि उन्होंने प्लॉट बुक कराए थे, लेकिन लंबे समय से उन्हें प्लॉट नहीं मिला और न ही उनका पैसा वापस किया गया। लोगों का कहना था कि वे कई दिनों से कुशवाहा से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पा रही थी।
घटनास्थल पर करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस सभी पक्षों को देहात थाने लेकर आई। यहां भी बकायदार पीछे-पीछे थाने पहुंचे और भुगतान की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसमें बकाया राशि लौटाने के लिए समय तय किया गया। इसके बाद ही मामला शांत हुआ और सभी को थाने से जाने दिया गया।

