छतरपुर, संदीप यादव। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं और अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय विद्यार्थी सेना ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष नीतेश तिवारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति को एक ज्ञापन सौंपा गया।


भारतीय विद्यार्थी सेना ने ज्ञापन में मुख्य रूप से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया है। संगठन की मांग है कि विश्वविद्यालय कैंपस के मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाए और बिना आईडी कार्ड के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। इसके अलावा पूरे कैंपस में असामाजिक तत्वों और गुंडागर्दी पर लगाम लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने की मांग की गई है।


विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कक्षा में स्वच्छ फिल्टर पानी की व्यवस्था कराने, कर्म शिला भवन में खराब लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए कैंपस में अलग से दो-तीन नए बाथरूम बनवाने की बात कही गई है। साथ ही विश्वविद्यालय में शिक्षकों की लगातार हो रही कमी को दूर करने के लिए नए शिक्षकों की जल्द से जल्द भर्ती करने का आग्रह किया गया है, ताकि अध्ययन-अध्यापन सुचारू रूप से संचालित हो सके।