छतरपुर। छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ऊजरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों और पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ऊजरा निवासी सरजू की पत्नी पिछले करीब चार साल से अपने पति और दोनों बच्चों को छोड़कर संदीप नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। एक ही गांव के होने और इस रिश्ते के कारण दोनों परिवारों के बीच लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
लाठी-डंडों से हमला और ग्वालियर में मौत
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर आरोपी पति सरजू और उसके नाबालिग बेटे ने मिलकर संदीप पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल संदीप को गंभीर हालत में पहले छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी नाज़ुक स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लगभग सात दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार ग्वालियर में उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ीमलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में हत्या व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति और उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

















