धरमपुरी भाजपा विधायक पर हमला, सिर में गंभीर चोट

Advertisement
धामनोद | धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरसोदिया में सोमवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उन्हें शासकीय अस्पताल धामनोद में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
विधायक कालू सिंह ठाकुर के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे फोरलेन के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पीछे उनके खेत में हुई। वे अपने साथियों नारायण सिंगार, नवदीप निंगवाल और गनमैन कैलाश पवार के साथ खेत में चल रहे कार्य को देखने पहुंचे थे।
इसी दौरान खेत के पड़ोसी प्रिंस उर्फ पिंटू, गेंदाबाई पति संतोष गिरवाल और रंजू पति शंकर गिरवाल (निवासी ग्राम सिरसोदिया) वहां पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
विधायक का कहना है कि विवाद के दौरान प्रिंस उर्फ पिंटू ने पत्थर से उनके सिर पर वार किया, जिससे खून बहने लगा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की।
घटना के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने बीच-बचाव कर घायल विधायक को तत्काल शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग की गई।
धामनोद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 109 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
