दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन पूर्व गृह मंत्री और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा नामांकन पत्र खरीदे जाने के बाद उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि भाजपा और कांग्रेस सहित किसी भी प्रमुख दल ने अभी तक अपना अधिकृत प्रत्याशी (उम्मीदवार) घोषित नहीं किया है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन बुधवार को पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके बाद जिले की राजनीति में हलचल और अटकलों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि चुनावी नियमों के अनुसार नामांकन पत्र खरीदना उम्मीदवार बनने की औपचारिक घोषणा नहीं माना जाता, लेकिन राजनैतिक गलियारों में इसे उनकी संभावित दावेदारी के मजबूत संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

तीन दिनों में कुल 9 संभावित प्रत्याशियों ने खरीदे पर्चे

बुधवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अलावा बालकिशन विश्वकर्मा (छतरपुर), वेदराम कुर्मी (दमोह) और हंशमुखी लोधी ने भी नामांकन पत्र खरीदे। इसके साथ ही शुरुआती तीन दिनों के भीतर नामांकन पत्र खरीदने वाले संभावित उम्मीदवारों की कुल संख्या बढ़कर अब 9 हो गई है। प्रमुख दलों द्वारा टिकट की घोषणा न किए जाने के बावजूद नामांकन पत्रों की बिक्री ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है।