छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में 27 अगस्त को आठवां ऑनलाइन श्री हनुमान चालीसा हवन संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों परिवार सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े और अपने-अपने घरों में हवन कर आहुतियां अर्पित कीं। वहीं बागेश्वर धाम पहुंचकर हजारों श्रद्धालुओं ने भी सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा की चौपाइयों के साथ यज्ञ में आहुति दी।
बागेश्वर धाम की ओर से आयोजित ऑनलाइन हवन का उद्देश्य घर-घर में हवन की सनातन परंपरा को पुन: जागृत करना और लोगों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोडऩा है। पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा हवन, कथा, कन्या विवाह और दिव्य दरबार जैसे आयोजनों के माध्यम से सनातन परंपराओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है।
आठवें ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने बागेश्वर धाम के आधिकारिक यूट्यूब और फेसबुक चैनलों के माध्यम से हवन की प्रक्रिया में भाग लिया। धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी हनुमान चालीसा की चौपाइयों के साथ विधिवत आहुतियां अर्पित कीं।
पंचमुखी हनुमान जी के चित्र के समक्ष हुआ विशेष हवन
इस बार हवन में पंचमुखी हनुमान जी के चित्र के समक्ष विशेष रूप से हवन किया गया। बागेश्वर सरकार ने श्रद्धालुओं से कहा कि पंचमुखी हनुमान जी का चित्र घर के ऐसे स्थान पर रखा जा सकता है, जहां से बाहर से आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही होती हो। उन्होंने श्रद्धालुओं को पंचमुखी हनुमान जी की आराधना और सकारात्मक ऊर्जा के संदेश से भी जोड़ा।
20 सितंबर को होगा नौवां ऑनलाइन हवन
पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि आने वाले तीन ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन पितृ दोष मुक्ति के संकल्प के साथ आयोजित किए जाएंगे। इस श्रृंखला का पहला हवन 20 सितंबर को शाम 6 बजे बागेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। इस बार हवन के समय में बदलाव किया गया है। इससे पहले ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन रात 9 बजे आयोजित किए जाते थे।
श्रद्धालुओं से अनुभव साझा करने की अपील
बागेश्वर धाम के पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने हवन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने अनुभव साझा करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जिन श्रद्धालुओं ने दो, पांच या सभी आठ हवनों में हिस्सा लिया है और उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस हुआ है, वे अपने अनुभव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें और बागेश्वर सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज को टैग कर भेजें।
आठवें हवन के सफल आयोजन के साथ बागेश्वर धाम की ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन श्रृंखला अब नौवें आयोजन की ओर बढ़ रही है। आगामी हवन में भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और परिवारों के जुडऩे की उम्मीद है।




