नई दिल्ली। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) द्वारा रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा - स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) 2026 देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। वहीं, सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान - कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जाम (एम्स सीआरई) 2026 का आयोजन किया गया। हालांकि, दोनों दिन की परीक्षाओं के दौरान जयपुर में स्थित आईडीजेड सीतापुरा सेंटर पर बिजली की समस्याओं के कारण वहां परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को समस्या हुई और उनका पेपर अधूरा रह गया।
इसी को लेकर टीसीएस आयन ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, "रविवार को देशभर के 1,111 केंद्रों पर 2.63 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए नीट-पीजी 2026 परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। सोमवार को 58 केंद्रों पर 21,000 से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए एम्स - कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जाम (एम्स सीआरई) आयोजित किया गया।"
पोस्ट में आगे लिखा गया, "इन दोनों परीक्षाओं के दौरान राजस्थान के जयपुर में आईडीजेड सीतापुरा सेंटर पर, स्थानीय स्तर पर बिजली की अज्ञात समस्याओं के कारण दोनों दिन बिजली जाने की घटना हुई। इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के लिए जिम्मेदार वेंडर की एक्सपर्ट टीम इसे जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही है। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी समस्याओं को दोबारा होने से रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।"
टीसीएस आयन ने आगे लिखा, "इस सेंटर पर नीट-पीजी 2026 परीक्षा और एम्स सीआरई देने वाले कैंडिडेट्स को हुई असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है। हम संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि कैंडिडेट्स जल्द से जल्द ये परीक्षाएं पूरी कर सकें।"
बता दें कि इससे पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित की गई ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (एआईएपीजीईटी) 2026 के दौरान भी जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज में बिजली जाने का मामला सामने आया था, जिसके चलते 49 परीक्षार्थियों का एग्जाम अधूरा रह गया था और उनके लिए यह परीक्षा 1 सितंबर को आयोजित होगी। वहीं, एनबीईएमएस की नीट पाजी परीक्षा अब 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे से आयोजित की जाएगी।




