इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की राजनीतिक फिजा में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दशकों तक इंदौर की राजनीति पर हावी रहे 'ताई-भाई' (सुमित्रा महाजन और कैलाश विजयवर्गीय) के गुटों के समीकरण अब बदलते नजर आ रहे हैं। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन (ताई) के सक्रिय राजनीति से दूर होने के बाद उनका गुट पृष्ठभूमि में चला गया है, वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी माने जाने वाले नेताओं का एक नया गुट तेजी से उभरकर सामने आया है। हाल ही में इन नेताओं की भोपाल यात्रा और वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात के बाद इंदौर की सियासत में नए पावर सेंटर के सक्रिय होने की चर्चाएं जोरों पर हैं।


पूर्व पार्षद के कार्यक्रम में दिखा था शक्ति प्रदर्शन; विरोधी माने जाने वाले नेता आए एक मंच पर

पिछले दिनों मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र में एक पूर्व पार्षद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के कई दिग्गज नेता एक साथ जुटे थे। इस आयोजन में मंत्री विजयवर्गीय खुद मौजूद नहीं थे, लेकिन स्थानीय राजनीति में उनसे वैचारिक या राजनीतिक दूरी रखने वाले नेता बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इस क्षेत्र में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता एक बार फिर सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो नवरात्रि के दौरान चुनरी यात्रा निकालकर अपना शक्ति प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इस आयोजन और उसके बाद की गतिविधियों में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़ सहित वे तमाम चेहरे नजर आए, जिनकी मंत्री विजयवर्गीय के गुट से अनबन की चर्चाएं अक्सर राजनीतिक गलियारों में होती रहती हैं।



सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें बनीं चर्चा का विषय

हाल ही में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़, सावन सोनकर और एकलव्यसिंह गौड़ ने भोपाल की यात्रा की। हालांकि यह दौरा एक पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार में शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए था, लेकिन इस दौरान प्रदेश के मुखिया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से हुई इनकी मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नए 'पावर सेंटर' के उभरने की चर्चाओं को तूल दे दिया है। भले ही खुलकर कोई नेता कुछ बोलने से बच रहा हो, लेकिन इन मुलाकातों की वायरल तस्वीरों और बढ़ती नजदीकियों ने पार्टी के भीतर और शहर की आबोहवा में नई बहस छेड़ दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इंदौर में भाजपा के भीतर गुटबाजी अब छुपी नहीं है, बल्कि एक नए राजनीतिक समीकरण के रूप में खुलकर सतह पर आ रही है।