पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर जनपद क्षेत्र अंतर्गत रैपुरा के ग्राम जरगवां में एक शासकीय माध्यमिक शिक्षक द्वारा कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने का हृदयविदारक मामला सामने आया है। मृतक शिक्षक की पहचान भारत वंशकार (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जिन्होंने गुरुवार को घर में अकेले होने पर कीटनाशक का सेवन कर लिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद शनिवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है, क्योंकि परिजनों का आरोप है कि पिछले चार महीनों से वेतन न मिलने और भीषण आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।


परिजनों ने की मृतक की पत्नी को पेंशन और बच्चों को नौकरी देने की मांग

मृतक शिक्षक की पत्नी केरा बाई ने रोते हुए बताया कि उनके परिवार में कुल 12 सदस्य हैं, जिनमें चार बेटे, दो बहुएं और अन्य आश्रित शामिल हैं। पिछले चार महीने से वेतन रुकने के कारण पूरा परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। स्थिति यह थी कि घर में बच्चों के खाने और दवाइयों तक के लिए पैसे नहीं बचे थे। इसी आर्थिक और मानसिक दबाव के बीच गुरुवार को जब घर में कोई नहीं था, तब उन्होंने कीटनाशक पी लिया। मृतक के साढ़ू भाई सुंदर लाल बंसल ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर वेतन का भुगतान हो जाता, तो आज शिक्षक की जान बच सकती थी। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मृतक की पत्नी को तत्काल पेंशन स्वीकृत की जाए तथा आश्रित बच्चों को उचित आर्थिक सहायता और अनुकंपा नौकरी दी जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।



उपस्थिति पत्रक में अनुपस्थित दर्ज होने से अटका था वेतन; विभागीय लापरवाही पर भड़के ग्रामीण

इस पूरे मामले पर वेतन आहरण केंद्र रैपुरा के प्रभारी ने सफाई देते हुए बताया कि बगरौड़ संकुल केंद्र के अधीन आने वाली कूंडा माध्यमिक शाला से जो उपस्थिति पत्रक भेजा गया था, उसमें शिक्षक भारत वंशकार को अनुपस्थित दर्शाया गया था। इसी तकनीकी कारण से उनका वेतन आहरण नहीं हो सका था। दूसरी ओर, परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षा विभाग की लापरवाही और जटिल कागजी प्रक्रियाओं के चलते शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिल पाता है। एक शिक्षक की जान जाने के बाद अब पूरे क्षेत्र में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।