सटई, तौफीक अहमद। नगर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की उदासीनता के चलते नगर किसी बड़ी अनहोनी की ओर बढ़ रहा है। हाल ही में बनाए गए डिवाइडर के आसपास दो सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


जानकारी के अनुसार सटई नगर के मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। वहीं दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने आवश्यकता से अधिक सामान फैलाकर रखने से सड़क और अधिक संकरी हो गई है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार दिन पहले एक अपाचे बाइक पर सवार दो युवक नए बने डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का उपचार जिला अस्पताल के साथ-साथ ग्वालियर में भी जारी है। इसके बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।


शनिवार दोपहर एक ट्रक भी डिवाइडर से टकरा गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मुख्य मार्ग पर फैले अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।


नगरवासियों का कहना है कि डिवाइडर निर्माण से नगर की सुंदरता तो बढ़ी है, लेकिन यातायात व्यवस्था को लेकर कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। परिणामस्वरूप सड़कें संकरी हो गई हैं और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।


स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।