छतरपुर। छतरपुर के प्रमुख महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय मार्ग पर अतिक्रमण और यातायात जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर रूप धारण करती जा रही है। इस मुख्य मार्ग पर बेतरतीब कब्जे और अव्यवस्थित ढंग से रखे सामान के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है, जिससे रोजाना सैकड़ों छात्र और आम नागरिक परेशान हो रहे हैं।
सड़क पर फैले सामान और डिब्बों से संकरा हुआ मुख्य मार्ग
स्थानीय निवासियों और राहगीरों के अनुसार, विश्वविद्यालय मार्ग पर स्थित स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी के संचालक द्वारा बड़े पैमाने पर सड़क तक अतिक्रमण कर लिया गया है। एजेंसी के बाहर रखे ट्रे्रक्टरों बड़े-बड़े डिब्बों और सड़क पर खड़े किए जाने वाले वाहनों के कारण मुख्य मार्ग का एक बड़ा हिस्सा घिर जाता है। इसके चलते सड़क काफी संकरी हो गई है और सामान्य यातायात के दौरान भी दोनों ओर से गाडिय़ों का निकलना दुश्वार हो जाता है।
प्रशासनिक अनदेखी से दुर्घटनाओं का बढ़ा अंदेशा
विश्वविद्यालय मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां से दिनभर विद्यार्थियों, प्रोफेसरों और आम जनता का आना-जाना लगा रहता है। अतिक्रमण और डिब्बों की वजह से पिक आवर्स में जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे लोगों का समय तो नष्ट हो ही रहा है, साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और स्थानीय पुलिस प्रशासन से इस अतिक्रमण को तत्काल हटवाकर मार्ग सुचारु कराने की मांग की है।

















