भोपाल, जीतेन्द्र यादव। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ लाहन और अवैध मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 2500 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। मौके पर ही महुआ लाहन को नष्ट कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने मामले में एक ज्ञात और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(फ) के तहत कार्रवाई की गई है।
विभाग द्वारा मीना चौराहा, कोकता, एमपी नगर, कोलार, नीलबड़ और बैरसिया क्षेत्र में भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों में कुल 08 प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने 113 पाव देशी शराब और 6 बीयर जब्त की।
आबकारी विभाग के अनुसार, सभी कार्रवाई में कुल 2 लाख 59 हजार 390 रुपए कीमत की अवैध मदिरा जब्त की गई है। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।




