छतरपुर, शिवम सोनी। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम महेबा निवासी मोहन रैकवार ने अपने पुत्र रामजी रैकवार की संदिग्ध मौत मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को आवेदन सौंपा। परिजनों का आरोप है कि रामजी की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते सुनियोजित तरीके से की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।
आवेदन के अनुसार, 26 जून 2026 को रामजी रैकवार लकड़ी काटने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने ओरछा रोड थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। 28 जून को पुलिस ने सूचना दी कि मातगुवां क्षेत्र के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है। जिला अस्पताल में कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान रामजी रैकवार के रूप में की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि रामजी का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था, जिससे युवती के परिजन नाराज थे। इसी वजह से उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार जांच कराने का भरोसा दिया है।




