कटनी, सुमित पाण्डेय: प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते माफिया राज के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने तीखा विरोध प्रदर्शन किया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी शहर के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) को ज्ञापन सौंपकर माफिया तत्वों पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में माफियाओं के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। उन्होंने हाल ही में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शराब माफिया द्वारा खातगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर की गई निर्मम हत्या ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने, प्रदेशभर में सक्रिय माफियाओं के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और माफियाओं को संरक्षण देने वाले प्रभावशाली लोगों की निष्पक्ष जांच किए जाने की पुरजोर मांग शामिल है। इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कटनी जिले में अवैध गतिविधियों एवं माफिया तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रेम बतरा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, विजय मंगल चौधरी, अहमद कुरैशी, राहुल होतवानी, नारायण निषाद, राजकुमार विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, कपिल पटेल, अंशु गुप्ता, ऋषभ पटेल, लक्ष्मी यादव, इकलाख अहमद एवं हर्षित मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।