छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। ईद-उल-अजहा का पर्व इस वर्ष भी छिंदवाड़ा शहर में धार्मिक आस्था, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की सभी मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी ईदगाह में हजारों लोगों ने एक साथ ईद की नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
सुबह के समय ईदगाह परिसर में विशेष रौनक नजर आई। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी नए परिधानों में दिखाई दिए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरा माहौल भाईचारे, मोहब्बत और इबादत के रंग में रंगा रहा।
अंजुमन इस्लामुल मुस्लिमीन कमेटी द्वारा नमाजियों के लिए पेयजल, सफाई, छांव और पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए थे। ईदगाह एवं प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे आयोजन के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रही।
सुबह 7:30 बजे बड़ी ईदगाह में पेश इमाम जामा मस्जिद हसीबुल्लाह कमर फैजी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद विशेष दुआ में देश में अमन, भाईचारा, खुशहाली और सभी लोगों की सलामती की दुआ मांगी गई। इसके बाद नादिर हाफ़ी साहब द्वारा सलाम पेश किया गया।

