सतना, सजल कुमार रजक। गणेश चतुर्थी के बाद शुक्रवार को सतना जिले में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गणपति भक्त ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्राओं में शामिल हुए। जगह-जगह आकर्षक झांकियां निकाली गईं और भक्तों ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ भगवान गणेश को विदाई दी।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। सुबह से शुरू हुआ प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। प्रमुख मार्गों और विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए थे। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन करने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की गई। पूरे जिले में दिनभर भक्ति, उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।











