छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के गांधी आश्रम में एक माह तक चले समर कैंप का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में बच्चों ने अपनी रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रसिद्ध नाटक "अंधेर नगरी चौपट राजा" रहा। नाटक में बच्चों की अभिनय क्षमता और संवाद अदायगी ने सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा बच्चों ने गायन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समर कैंप के दौरान बच्चों को नाटक, गायन, पेंटिंग एवं अन्य कलात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया था। समापन अवसर पर बच्चों ने कैंप में सीखे गए कौशलों को मंच पर प्रस्तुत कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक और मनमोहक पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों ने बच्चों की रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिरुचि को बखूबी प्रदर्शित किया।
समाजसेवी शिवेंद्र शुक्ला द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं का विकास करना है। समापन समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, पत्रकार एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

