बुंदेलखंड की धरती पर बागेश्वर महाराज का भव्य स्वागत

Advertisement
बांदा(रोहित पाठक)। बुंदेलखंड के बांदा जिले के नगर खुरहंड में बागेश्वर धाम सरकार पूज्य बागेश्वर महाराज पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी का भव्य आगमन हुआ। बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी के साथ नगर में प्रवेश करते ही सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। सिर पर कलश धारण किए खड़ी महिलाओं की लंबी कतारें और बुलडोजर से की गई पुष्पवर्षा ने स्वागत को ऐतिहासिक बना दिया। पूरे नगर ने एक स्वर में बागेश्वर सरकार का अभूतपूर्व अभिनंदन किया।
खुरहंड पहुंचकर बागेश्वर महाराज ने कैलाशेश्वर महादेव के दर्शन किए और बनारस से पधारे आचार्यों के सान्निध्य में विधिवत अभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात मंच से आशीर्वचन देते हुए महाराज के नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ संपन्न हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक अर्जी लगाई।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर बुंदेलखंड की प्रसिद्ध मोनिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। महाराज श्री ने कलाकारों की सराहना की और उनके सांस्कृतिक योगदान को नमन किया। साथ ही, खुरहंड वासियों को आगामी दिनों में कथा आयोजन का आश्वासन भी दिया।
उल्लेखनीय है कि बागेश्वर महाराज का यह 15 दिनों में बांदा जनपद का दूसरा प्रवास रहा। इससे पूर्व वे बांदा में पांच दिवसीय कथा कर चुके हैं, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही थी। इस बार भी खुरहंड में हजारों की संख्या में भक्तों ने पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट की।
