Tuesday, February 24, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशभोपालछिंदवाड़ा, सिवनी–बैतूल में ओले गिरने का अलर्ट, 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की चेतावनी

छिंदवाड़ा, सिवनी–बैतूल में ओले गिरने का अलर्ट, 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की चेतावनी

Post Media
News Logo
PeptechTime
24 फ़रवरी 2026, 12:25 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

भोपाल | मध्यप्रदेश में फरवरी माह के दौरान मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में छिंदवाड़ा, सिवनी और दक्षिण-पूर्वी बैतूल में मध्यम गरज के साथ आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, बालाघाट, मंडला, खंडवा, सीहोर, रायसेन, इंदौर, अनूपपुर और डिंडौरी जिलों में दोपहर के समय हल्की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।


पिछले 24 घंटे में कहां-कहां बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दक्षिण दमोह, जबलपुर, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश दर्ज की गई।
वहीं शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, मैहर, सीधी और सिंगरौली में ओले गिरने की भी खबर है।


पांढुर्णा में हल्की बारिश

मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे पांढुर्णा में मौसम अचानक बदला और हल्की बारिश हुई। बारिश से बचने के लिए लोगों को छाते निकालने पड़े। हल्की बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई।
किसान भास्कर कोरड़े का कहना है कि इस बारिश से गेहूं, चना और संतरे की फसल को फायदा हुआ है।


क्यों बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में लो प्रेशर एरिया सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में दो ट्रफ बने हुए हैं। इनके असर से फरवरी महीने में चौथी बार बारिश का दौर शुरू हुआ है, जो मंगलवार को भी जारी रहने की संभावना है।
अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश हो सकती है।


जबलपुर में धूल भरी आंधी

सोमवार को जबलपुर में धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलीं और बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।


दिन में धूप, शाम को बदला मिजाज

सोमवार को कई जिलों में दोपहर तक धूप खिली रही, लेकिन बाद में मौसम बदल गया। जबलपुर, रीवा और सीधी में बारिश हुई। रात में मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, ग्वालियर, मुरैना, रीवा, बड़वानी, धार, दतिया, खरगोन, सागर और दमोह में गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी रही।


फरवरी में चार बार बारिश

फरवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर आया, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे कराया।
18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश भीगा, जिसका असर 19, 20 और 21 फरवरी को भी रहा। अब 23 फरवरी से चौथी बार बारिश का दौर शुरू हुआ है, जो मंगलवार तक जारी रहने की संभावना है।


तापमान में उतार-चढ़ाव

बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है, जबकि रात का पारा बढ़ा हुआ है।
रविवार–सोमवार की रात में पचमढ़ी में 11.2 डिग्री, मंदसौर में 11.7 डिग्री और राजगढ़ में 12.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में भी रात का तापमान 12 डिग्री से ऊपर रहा।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)