कलेक्ट्रेट में हाई वोल्टेज ड्रामा: अनुकंपा नियुक्ति के लिए महिला ने अधिकारियों के सामने किया हंगामा, व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

Advertisement
छिंदवाड़ा। जिला कलेक्टर जनसुनवाई में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज एक महिला ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया। महिला ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही, अनदेखी और लंबे समय से आवेदन लंबित रखने के गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिजन की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रही थी। महिला का कहना है कि उसने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली थी, इसके बावजूद अब तक उसे नौकरी नहीं दी गई। इसी से आक्रोशित होकर वह कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंची और अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगी।
जनसुनवाई के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि बार-बार आवेदन देने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। महिला के विरोध के चलते कुछ समय के लिए जनसुनवाई स्थल पर अफरा-तफरी और तनावपूर्ण माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने तत्काल हस्तक्षेप किया और महिला को अपनी केबिन में बुलाकर उसकी पूरी बात सुनी। कलेक्टर ने महिला को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं और मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि तय समय-सीमा में कार्य नहीं होता है तो महिला सीधे उनसे संपर्क कर सकती है।
कलेक्टर के आश्वासन के बाद महिला शांत हुई। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि महिला की पात्रता और आवेदन की स्थिति की जांच के बाद नियमों के अनुसार अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
