हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पुलिस और दरिंदगी के आरोपी के बीच तड़के मुठभेड़ हो गई। कस्बे में महज 3 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म और फिर गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी हीरा को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। पुलिस टीम जब साक्ष्य संकलन और घटना की निशानदेही के लिए आरोपी को मौके पर ले गई थी, तभी उसने छिपाकर रखे अवैध तमंचे से पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिसकर्मी घायल आरोपी को अपने कंधों पर उठाकर जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे कड़ी सुरक्षा में भर्ती कराया गया है। यह मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मुस्करा थाना क्षेत्र में हुई।


रूह कंपा देने वाली यह घटना रविवार दोपहर की है। मुस्करा कस्बे में 3 वर्षीय मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोस का रहने वाला हीरा उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया। वह बच्ची को नई बस्ती के पास स्थित एक सुनसान अरहर के खेत में ले गया, जहां उसने मासूम के साथ दरिंदगी की। इसके बाद पकड़े जाने के खौफ में आरोपी ने बच्ची की ही पैजामी से उसका गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को खेत में ही फेंककर सामान्य रूप से घर लौट आया।


शाम करीब 4 बजे जब मासूम घर में नहीं दिखी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खुद को बेकसूर साबित करने और शक से बचने के लिए शातिर आरोपी हीरा भी परिजनों के साथ बच्ची को ढूंढने का नाटक करता रहा। हालांकि, तलाश के दौरान उसकी संदिग्ध हरकतों और घबराहट को देखकर परिजनों को गहरा शक हुआ। परिजनों ने जब उसे सख्ती से पकड़ा और पूछताछ की, तो उसने टूटते हुए अरहर के खेत में बच्ची का शव पड़े होने की बात कबूल ली। खेत से मासूम का शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे कस्बे में आक्रोश की ज्वाला भड़क उठी।


घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हीरा को तुरंत हिरासत में ले लिया। जब पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कोशिश की, तो परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भारी बवाल शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बच्ची के लापता होने की सूचना तुरंत देने के बावजूद पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई। उग्र भीड़ ने मौके पर पथराव करते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) की गाड़ी सहित 6 से अधिक पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ डाले। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।


मुठभेड़ के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी हीरा को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद पुलिस टीम सोमवार सुबह करीब 6 बजे साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल की ओर ले जा रही थी। पावर हाउस के पीछे पहुंचने पर आरोपी ने वहां पहले से छिपाकर रखे तमंचे को निकालकर पुलिस टीम पर सीधे फायर झोंक दिया। पुलिस की त्वरित जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे तत्काल मुस्करा सीएचसी और फिर जिला अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।