भिंड, अक्षय जोशी। भिंड जिले की देहात थाना पुलिस ने हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा एक दूध व्यवसायी को अपने जाल में फंसाकर उससे लाखों रुपये की उगाही की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित को फंसाया और उसके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी लगातार पीड़ित पर दबाव बनाते हुए उससे 7 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। ब्लैकमेलिंग से परेशान पीड़ित ने आरोपियों की रकम चुकाने के लिए अपनी जमीन तक गिरवी रख दी थी।
मामले की जानकारी मिलने पर देहात थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाकर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विशेष रूप से बुजुर्ग और सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाकर उन्हें हनी ट्रैप में फंसाता था और बाद में अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी आर्थिक हानि से बचाया जा सका। पुलिस ने पूरे ब्लैकमेल रैकेट का भंडाफोड़ कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित पीड़ितों और सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।

