मंदसौर, ललित शंकर धाकड़ । जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते कार में भीषण आग लग गई और वह धूं-धूं कर जलने लगी। घटना मेलखेड़ा और बरडिया पुना गांव के बीच हुई, जिससे एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही शामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

