सतना, अंबिका केशरी। सतना जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की जान चली गई, जबकि उनका 5 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर कोठी थाना क्षेत्र के बगिया मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, चित्रकूट की ओर जा रहे ट्रक (क्रमांक UP 63 BT 1456) और सामने से आ रही बाइक के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दादूलाल रैकवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे टीआई संतोष तिवारी ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार तेज रफ्तार में आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में रॉन्ग साइड चला गया, जिससे सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। मृतक दंपति नैना गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।