भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार ने बाइक को मारी टक्कर, चार घरों के चिराग बुझे

Advertisement
कटनी,सुमित कुमार। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार युवकों की जिंदगी छीन ली। बड़वारा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार देर रात करीब 12 बजे बड़वारा थाना क्षेत्र के जगतपुर उमरिया गांव के पास चपहनी मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक कटनी से उमरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद नेशनल हाईवे-43 पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं कार में सवार दो लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। देर रात तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शवों को मर्चुरी में रखवा दिया है और मोटरसाइकिल के नंबर व मिले सामान के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
