बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना नगर से लगे नौगांव इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित गणेश नदी में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का खेल खुलेआम जारी है। खनन माफिया दिन-दहाड़े भारी मशीनों की मदद से नदी से मिट्टी निकाल रहे हैं, जिससे नदी का स्वरूप लगातार बिगड़ता जा रहा है। बड़ी संख्या में डंपरों के जरिए मिट्टी बाहर भेजी जा रही है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासन कार्रवाई के बजाय सिर्फ जांच और आश्वासन तक सीमित नजर आ रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार बिना किसी अनुमति के नदी क्षेत्र में जेसीबी और अन्य मशीनें लगातार चल रही हैं। अवैध खनन के कारण नदी किनारों पर कटाव बढ़ रहा है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। वहीं शासन को भी राजस्व की हानि हो रही है।


मामले की शिकायत अधिकारियों तक पहुंचने के बाद तहसीलदार द्वारा पटवारी को जांच के लिए भेजा गया, लेकिन मौके पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद बने हुए हैं।


इस संबंध में एसडीएम रविश श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें अवैध खनन की सूचना मिली है। उन्होंने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए हैं और जल्द कार्रवाई करने की बात कही है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।