मुंबई। कॉमेडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह के लिए दीपावली का त्योहार अब पहले से काफी बदल गया है। बचपन में आर्थिक तंगी के चलते उन्हें और उनके परिवार को दीपावली पर मिठाई और पटाखों में से किसी एक चीज को चुनना पड़ता था। लेकिन आज मेहनत और कामयाबी ने उनकी जिंदगी बदल दी है। अब वह अपनी पसंद की चीजें खरीद सकती हैं और अपने बच्चों गोला और काजू के लिए भी बिना ज्यादा सोचे शॉपिंग कर सकती हैं। हालांकि, भारती चाहती हैं कि उनके बच्चे त्योहारों की खुशियों के साथ दूसरों का दर्द समझना और अपनी चीजें बांटना भी सीखें।

आईएएनएस से खास बातचीत में भारती ने बताया कि समय के साथ दीपावली मनाने का उनका अंदाज किस तरह बदल गया है। उन्होंने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा, ''अब तो सब बदल गया है। अब हमारे पास थोड़े पैसे आ गए हैं। पहले इतने पैसे नहीं होते थे कि खूब सारे पटाखे खरीद सकें। वैसे तो पटाखे नहीं जलाने चाहिए, लेकिन बच्चों को कौन समझा सकता है। उन्हें एक-दो पटाखे तो जलाने ही होते हैं। उस समय हमारी आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि हमें मिठाई और पटाखों में से किसी एक को चुनना पड़ता था। हम अक्सर मिठाई खरीदते थे, क्योंकि पूजा के लिए उसकी जरूरत होती थी।''

उन्होंने आगे कहा, ''बचपन की बहुत सारी यादें हैं। जब भी कोई त्योहार आने वाला होता था, तो मैं थोड़ी परेशान हो जाती थी कि पैसे नहीं हैं, सामान कहां से आएगा। लेकिन अब सब कुछ बदल गया है। वक्त बदल गया है।''

भारती ने बताया कि लगातार मेहनत करने और काम मिलने से अब उनकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हो गई है। उन्हें अब अपनी पसंद की चीजें खरीदने से पहले ज्यादा सोचना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, ''हमने मेहनत करनी शुरू की और पैसे आने लगे। अब मुझे किसी भी चीज को खरीदने से पहले यह नहीं सोचना पड़ता कि इसे खरीदूं या नहीं। बस घर से बाहर निकलने और दुकान तक जाने की देर है।''

उन्होंने बताया कि इन दिनों वह 'इंडियन गेम शो' की लगातार शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने लिए और बच्चों के लिए शॉपिंग करने का समय निकाला। भारती ने कहा कि उन्होंने अपनी पसंद की चीजें खरीदीं और बच्चों को भी शॉपिंग कराई।

वहीं, जब आईएएनएस ने भारती से पूछा कि वह अपने बच्चे गोला और काजू को क्या सीख देना चाहती हैं, तो उन्होंने कहा कि वह उन्हें त्योहार मनाने के साथ दूसरों के साथ खुशियां बांटना भी सिखाना चाहती हैं। हर किसी के पास इतने पैसे नहीं होते कि वह बिना किसी चिंता के त्योहार मना सके। इसलिए बच्चों को दूसरों की परिस्थितियों को समझना जरूरी है।

उन्होंने कहा, ''मैं अपने बच्चों को दीपावली पर कुछ बातें जरूर सिखाऊंगी। दीपावली हम भारतीयों और हिंदुओं का बहुत बड़ा त्योहार है। मुझे लगता है कि हमें सिर्फ अपने घर में ही त्योहार नहीं मनाना चाहिए। जो लोग त्योहार नहीं मना सकते, हमें उनके बारे में भी सोचना चाहिए। मैं अपने बच्चों को सिखाऊंगी कि अगर आप मिठाई खरीद रहे हो, तो सबके साथ बांटो। पटाखे खरीद रहे हो, तो उन्हें भी दूसरों के साथ बांटो।''

भारती ने आगे कहा, ''चाहे दीपावली हो, ईद हो, दशहरा हो या कोई और त्योहार, मैं अपने बच्चों को हर त्योहार को मिल-जुलकर मनाने की सीख दूंगी। अपनी खुशियां दूसरों के साथ बांटनी चाहिए। हम बहुत खुशनसीब हैं कि भगवान हमें काम दे रहा है और हम अपनी जरूरतें पूरी कर पा रहे हैं। लेकिन बहुत सारे लोग ऐसे हैं, जिनके त्योहार आने पर वे इस बात से परेशान हो जाते हैं कि पैसे कहां से लाएं। इसलिए मैं अपने बच्चों को सिखाऊंगी कि सबके साथ मिलकर त्योहार मनाओ और जो कुछ तुम्हारे पास है, उसे दूसरों के साथ भी बांटो।''

वर्कफ्रंट की बात करें तो भारती सिंह इन दिनों 'इंडियन गेम शो विद भारती एंड हर्ष' को होस्ट कर रही हैं।