इंदौर क्राइम ब्रांच ने इस साल ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए लोगों को 14 करोड़ 33 लाख 57 हजार से ज्यादा रुपए वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। सबसे अधिक रिकवरी जून महीने में हुई। क्राइम ब्रांच ने जहां हजारों बैंक खातों को फ्रीज कराया, वहीं 250 से ज्यादा हैक हुए सोशल मीडिया अकाउंट रिकवर भी कराए। इसके अलावा 300 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, जो लोगों की फोटो और नाम का उपयोग करके बनाए गए थे, उन्हें भी ब्लॉक कराया गया है।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जनवरी से नवंबर 2025 तक क्राइम ब्रांच को करीब साढ़े चार हजार साइबर फ्रॉड शिकायतें मिलीं, जिनमें कई मामलों में तेज कार्रवाई करते हुए पीड़ितों तक पैसे वापस पहुंचाए गए।

महीनेवार रिकवरी आंकड़े: जून में सबसे ज्यादा रकम वापस

क्राइम ब्रांच की रिपोर्ट के मुताबिक इस साल इन महीनों में इतने रुपए लौटाए गए—

जनवरी: 70,32,307

फरवरी: 81,95,694

मार्च: 60,10,955

अप्रैल: 61,54,890

मई: 1,73,04,552

जून: 1,86,62,205 (सबसे ज्यादा)

जुलाई: 1,78,82,194

अगस्त: 1,49,71,122

सितंबर: 1,68,10,000

अक्टूबर: 1,30,94,421

नवंबर: 1,72,38,907

क्राइम ब्रांच के अनुसार सबसे ज्यादा शिकायतें ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, बैंक अधिकारी बनकर KYC अपडेट, क्रेडिट कार्ड लिमिट, रिवॉर्ड पॉइंट रिडेम्पशन और डेटिंग/मेट्रिमोनियल साइट्स के जरिए हुई ठगी से जुड़ी रहीं।

Safe Clicks चैटबोट से मिलेगी मदद

क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए इंदौर पुलिस के Safe Clicks – AI Agentic Solutions (चैटबोट) का उपयोग जरूर करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 7049124445, 1930, या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।