Sunday, February 15, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
खेल समाचारक्रिकेटINDvsPAK: भारतीय 'धुरंधरों' के आगे पाकिस्तान का सरेंडर, जीत की हैट्रिक के साथ 'सुपर-8' में टीम इंडिया

INDvsPAK: भारतीय 'धुरंधरों' के आगे पाकिस्तान का सरेंडर, जीत की हैट्रिक के साथ 'सुपर-8' में टीम इंडिया

Post Media
News Logo
Peptech Time
15 फ़रवरी 2026, 10:06 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

कोलंबो। भारत ने पाकिस्तान को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में 61 रन से रौंदा। टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है।


भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद नामीबिया को 93 रन से रौंदा। अब भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ 18 फरवरी को अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी।


रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। टीम इंडिया को महज 1 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (0) के रूप में बड़ा झटका लगा, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया। ईशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ 46 गेंदों में 87 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 88 के स्कोर तक पहुंचा दिया। ईशान 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन बनाकर आउट हुए।


यहां से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन, जबकि शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 रन जुटाए। सूर्या 29 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में 11 रन की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान की तरफ से सईम अयूब ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक ने 1-1 विकेट निकाला।


इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान को पारी की चौथी गेंद पर साहिबजादा फरहान (0) के रूप में बड़ा झटका लगा। उस समय तक पाकिस्तान का खाता भी नहीं खुल सका था। इसके बाद टीम ने 13 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए। यहां से उस्मान खान ने बाबर आजम (5) के साथ चौथे विकेट के लिए 21 रन जुटाए, जबकि शादाब खान (14) के साथ 39 रन की साझेदारी की, लेकिन 73 के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरते ही टीम लड़खड़ा गई।


उस्मान खान ने 34 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 44 रन की पारी खेली, जबकि शाहीन अफरीदी ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 शिकार किया।



15 फ़रवरी 2026 को 04:53 pm बजे

भारत के खिलाफ मैच खेलना एक 'सपने का सच' होना: उस्मान तारिक

पाकिस्तानी ऑफ-स्पिनर उस्मान तारिक ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने को 'सपना' बताया। रविवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में तारिक ने 24 रन देकर 1 विकेट निकाला। इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत ने 20 ओवर में 175/7 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। पाकिस्तान के स्पिनरों ने 20 में से 18 ओवर बॉलिंग करके इनिंग्स पर दबदबा बनाया। इस बीच सैम अयूब ने 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। तारिक, जिन्होंने अपनी गेंदों में ठहराव और अलग-अलग तरह के रिलीज प्वाइंट और वैरिएशन की वजह से सभी का ध्यान खींचा, उन्होंने मिडिल ओवरों में अच्छी बॉलिंग की। तारिक ने मिड-इनिंग्स ब्रेक में ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "भारत और पाकिस्तान का मैच बहुत बड़ा है। इस मैच में शानदार ऊर्जा नजर आई। बहुत अच्छा अनुभव रहा था। यह एक तरह से सपने जैसा था।" जब तारिक से पूछा गया कि उन्होंने स्लो पिच पर अपनी बॉलिंग को कैसे समायोजित किया, तो उन्होंने कहा, "पिच काफी स्लो थी। मैं कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में खेला हूं, इसलिए मुझे इसका अनुभव है। मैंने बस उनके बैट का मोमेंटम स्लो रखा और अब हम सेफ साइड पर हैं।"

15 फ़रवरी 2026 को 01:25 pm बजे

टीम इंडिया में दो बड़े बदलाव, संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा की वापसी

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया दो बड़े बदलावों के साथ मैदान पर उतरी है। भारतीय प्लेइंग-11 में लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन की जगह सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की वापसी हुई है, वहीं गेंदबाजी को मजबूती देने के लिए कुलदीप यादव को भी टीम में शामिल किया गया है।

दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम ने अपनी पिछली प्लेइंग-11 पर भरोसा बरकरार रखा है और टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। भारतीय टीम प्रबंधन ने पिच की स्थिति और रणनीति को देखते हुए स्पिन विभाग में कुलदीप पर भरोसा जताया है, जबकि अभिषेक शर्मा से पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत की उम्मीद होगी।

15 फ़रवरी 2026 को 01:22 pm बजे

दोनों कप्तानों ने एक दूसरे से नहीं मिलाया हाथ

Surya and Agha

दोनों कप्तानों ने टॉस के बाद एक दूसरे से नहीं मिलाया हाथ

15 फ़रवरी 2026 को 01:07 pm बजे

मैदान पर सितारों का जमावड़ा: धुरंधर के रैपर और रोहित शर्मा पहुंचे

RohitSharma

मैच की शुरुआत से पहले दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए 'धुरंधर' फेम प्रसिद्ध रैपर ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा स्टेडियम झूम उठा। वहीं, भारतीय फैंस के लिए सबसे सुखद अहसास तब हुआ जब स्टैंड्स में भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा नजर आए। रोहित विशेष रूप से अपनी टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए कोलंबो पहुँचे हैं। उनकी मौजूदगी ने युवा भारतीय खिलाड़ियों में जोश भर दिया है।

15 फ़रवरी 2026 को 11:53 am बजे

स्टेडियम पहुंची भारतीय टीम की बस

स्टेडियम पहुंची भारतीय टीम की बस

15 फ़रवरी 2026 को 11:48 am बजे

मैच देखने पहुंचे भारतीय समर्थक

मैच देखने पहुंचे भारतीय समर्थक क्या बोले...?

15 फ़रवरी 2026 को 11:32 am बजे

मौसम की चिंता: बारिश बिगाड़ सकती है खेल का मजा

कोलंबो में शनिवार रात से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है और मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। रविवार को भी 50% इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। यदि इंद्रदेव मेहरबान नहीं हुए और मैच रद्द होता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ेगा, क्योंकि इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे (आरक्षित दिन) नहीं रखा गया है।

15 फ़रवरी 2026 को 11:31 am बजे

पिच और ओस: स्पिनर्स का दबदबा और 'ड्यू फैक्टर' का अभाव

आमतौर पर दक्षिण एशियाई देशों में जनवरी-फरवरी की शाम को ओस (Dew) आने से बाद में बैटिंग आसान हो जाती है, लेकिन कोलंबो में इस बार ओस का नामोनिशां नहीं है। इसका सीधा मतलब है कि दूसरी पारी में पिच खुरदुरी होने के साथ टूटने लगेगी, जिससे गेंद रुककर आएगी और स्पिनर्स घातक हो जाएंगे। इस मैदान पर गिरे पिछले 41 विकेटों में से 21 तेज गेंदबाजों और 20 स्पिनर्स के खाते में गए हैं, जो दर्शाता है कि यहाँ गेंदबाजों का पलड़ा भारी रहने वाला है।

15 फ़रवरी 2026 को 11:30 am बजे

टॉस का गणित: पहले बल्लेबाजी ही जीत की गारंटी?

मौजूदा टूर्नामेंट में कोलंबो का इतिहास चौंकाने वाला रहा है। अब तक यहाँ खेले गए तीनों मैचों में वही टीम विजयी रही है जिसने पहले बल्लेबाजी की है। आयरलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी तो उसे श्रीलंका से हार मिली, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग कर आयरलैंड को पटखनी दी। दिलचस्प बात यह है कि जब ऑस्ट्रेलिया ने अगले मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, तो उसे जिम्बाब्वे जैसी टीम से हार का सामना करना पड़ा। साफ़ है कि यहाँ 'टॉस जीतो और पहले बैटिंग करो' का मंत्र ही काम कर रहा है।

15 फ़रवरी 2026 को 11:09 am बजे

रिंकू सिंह की बहन को उम्मीद, पाकिस्तान के खिलाफ भैया करेंगे चौके-छक्कों की बरसात

Neha Singh

टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह की बहन नेहा को उम्मीद है कि उनका भाई इस मैच में चौके-छक्कों की बरसात करेगा और टीम इंडिया इस मुकाबले को अपने नाम करेगी। नेहा सिंह ने 'आईएएनएस' से कहा, "हमारा पूरा परिवार इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित है। हमें उम्मीद है कि इस मैच में टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेंगी। रिंकू भैया भी चौके-छक्कों की बरसात करेंगे। मैं भारतीय टीम को इस मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देना चाहती हूं। आज महाशिवरात्रि भी है।" पश्चिम बंगाल के बेहाला में भारत की जीत के लिए यज्ञ किया गया। भले ही खराब मौसम इस मुकाबले में रुकावट डाल सकता है, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि भारत ही इस मुकाबले को अपने नाम करेगा।

15 फ़रवरी 2026 को 10:08 am बजे

अभिषेक शर्मा के पिता को उम्मीद, पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करेगा बेटा

Abhishek Sharma

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच खेलेंगे। अभिषेक के पिता ने भारत-पाक मैच में बेटे की मौजूदगी पर खुशी जताते हुए टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी हैं। पिता को उम्मीद है कि बेटा इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेगा। अभिषेक को सोमवार को पेट में इन्फेक्शन के कारण नई दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जिसके चलते 25 वर्षीय खिलाड़ी नामीबिया के विरुद्ध अरुण जेटली स्टेडियम में नहीं खेल सका था, लेकिन अब कप्तान ने उनके पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उतरने पर मुहर लगा दी है। राजकुमार शर्मा ने 'आईएएनएस' से कहा, "यह बहुत शानदार मैच होने वाला है। हम भारतीय टीम को अपनी शुभकामनाएं भेजते हैं। हमें उम्मीद है कि वे अच्छा खेलेंगे और दमदार परफॉर्म करेंगे। ये बहुत अच्छी टीम है। बेशक, हम चाहते हैं कि भारत जीते। चूंकि वर्ल्ड कप भारत में हो रहा है, इसलिए लोग जश्न मना रहे हैं, और फैंस में बहुत खुशी है।" उन्होंने कहा, "हर कोई टीम को बधाई दे रहा है। टीम इंडिया बहुत अच्छा खेल रही है। मुझे बस उम्मीद है कि वे अच्छा परफॉर्म करते रहेंगे। मुझे खासकर उम्मीद है कि अभिषेक अच्छा खेलेंगे। हमारी दुआएं हमेशा उनके साथ हैं। वह इंडिया के लिए ऐसे ही खेलते रहें और देश को जिताने में मदद करें। यही हमारी दिल से दुआएं हैं।"

15 फ़रवरी 2026 को 10:07 am बजे

मैच नहीं हुआ तो किसे होगा सबसे बड़ा नुकसान?

मैच के दौरान अगर बारिश होती है, तो फिर किस टीम को फायदा या नुकसान होगा और आईसीसी के नियम क्या कहते हैं?

रविवार को कोलंबो में दिन में बारिश की संभावना लगभग 65 प्रतिशत है। शाम में बारिश का खतरा कम है, लेकिन मैच के शुरुआती घंटों में बारिश का खतरा है। उमस ज्यादा रहेगी और हल्की-मध्यम हवा चलने की उम्मीद है। आईसीसी के नियम के मुताबिक टी20 मुकाबलों में परिणाम तक तभी पहुंचने के लिए मैच का कम से कम पांच-पांच ओवर खेला जाना जरूरी है। अगर बारिश या गीली आउटफील्ड के कारण यह न्यूनतम खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो मैच अमान्य घोषित कर दिया जाता है। ग्रुप स्टेज मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। आईसीसी के नियम के मुताबिक बारिश की वजह से 5-5 ओवर का मैच नहीं होने की स्थिति में भारत और पाकिस्तान दोनों को ही 1-1 अंक दे दिया जाएगा। 5 ओवर हो गए तो डकवर्थ-लुईस के हिसाब से नतीजा निकलेगा। मैच के दौरान बारिश होने से ओवरों की संख्या घटाई जा सकती है। भारत-पाकिस्तान मैच अगर बारिश की वजह से नहीं होता है, तो दोनों टीमों के खिलाड़ियों के अलावा करोड़ों फैंस निश्चित रूप से मायूस होंगे, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान ब्रॉडकास्टरों को होगा। भारत-पाकिस्तान मैच टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिकॉर्ड दर्शक जुटाता है। मैच नहीं होने का असर विज्ञापन से होने वाली कमाई पर पड़ेगा। आईसीसी ने इसी नुकसान से बचने के लिए अपनी मध्यस्थता टिकट रिफंड करने की स्थिति में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को भी बड़ा नुकसान हो सकता है।

15 फ़रवरी 2026 को 10:04 am बजे

इतिहास और आंकड़े: भारत का पलड़ा भारी

टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का प्रदर्शन पाकिस्तान की तुलना में कहीं अधिक गौरवशाली रहा है। भारत 2007 और 2024 में दो बार विश्व चैंपियन रह चुका है, जबकि पाकिस्तान ने केवल 2009 में यह खिताब जीता है। उल्लेखनीय है कि भारत ने अपने पहले वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान को ही मात देकर खिताबी जीत का स्वाद चखा था। हालिया रिकॉर्ड्स भी भारत के पक्ष में हैं; पिछले साल 28 सितंबर 2024 को एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की थी। आज का मैच इसी मनोवैज्ञानिक बढ़त और नए संघर्ष के बीच खेला जाएगा।

15 फ़रवरी 2026 को 10:03 am बजे

उस्मान तारिक का 'मिस्ट्री' स्पेल

इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत पाकिस्तान के गेंदबाज उस्मान तारिक बनकर उभर सकते हैं। तारिक की गेंदबाजी शैली पारंपरिक गेंदबाजों से काफी अलग है। उनका रुक-रुक कर गेंद फेंकना (Staggered action) और कोण (Angle) के साथ गति में निरंतर बदलाव करना भारतीय बैटिंग लाइनअप को परेशानी में डाल सकता है। श्रीलंकाई परिस्थितियों में तारिक की फिरकी और गति का तालमेल मैच का पासा पलटने की क्षमता रखता है, जिससे निपटने के लिए रोहित ब्रिगेड को विशेष रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा।

15 फ़रवरी 2026 को 10:03 am बजे

बारिश की लुका-छिपी और पिच का मिजाज

कोलंबो में होने वाले इस मुकाबले पर मौसम विभाग की पैनी नजर है। पूर्वानुमान के अनुसार, दिन में बारिश की आशंका 50% तक जताई गई है, जो खेल प्रेमियों की चिंता बढ़ा सकती है। हालांकि, मैच शुरू होने के समय राहत की खबर यह है कि बारिश का खतरा घटकर मात्र 10% रह जाने की संभावना है। ऐसे में टॉस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाएगी। श्रीलंकाई पिच अपनी धीमी गति और स्पिनर्स को मिलने वाली मदद के लिए जानी जाती है, जहाँ शुरुआती ओवरों में गेंद की मूवमेंट बल्लेबाजों के लिए कड़ी परीक्षा साबित हो सकती है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)