दमोह/हटा, सुदीप नगरिया। सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर सोमवार को दमोह जिले में हटा ब्लॉक के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जलखण्डेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही व्यारमा नदी के मध्य विराजमान भगवान जलखण्डेश्वर नाथ के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचने शुरू हो गए थे।


श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी में स्नान के बाद भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व होने के कारण बड़ी संख्या में आईं महिला श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव की 108 परिक्रमा लगाई तथा भोलेनाथ को विशेष प्रसादी अर्पित की। सोमवती अमावस्या के इस पावन अवसर पर पूरा धाम हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान रहा। धाम परिसर और आसपास के मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गैसाबाद थाना पुलिस बल पूरे समय मौके पर मुस्तैद रहा, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।