महिला चोरों ने चुराई भैंस, पीडि़तों के साथ कर दी मारपीट

Advertisement
छतरपुर, शिवम सोनी । जिले के छतरपुर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरा धमची में भैंस चोरी को लेकर विवाद गंभीर रूप ले गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि गांव की ही श्रीमती सुधा कुराडा और उसकी बहन नेहा कुरमाडा द्वारा उनके घर के बाहर बने बेड़े से भैंस और पड़ा खोलकर ले जाया गया।
पीड़ितों के अनुसार, जब परिवार के सदस्यों ने पीछा कर देवपुर चौराहे के पास आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, तो पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में रामदेव कुशवाहा के पति देशराज, पुत्र अरुण और पुत्री संध्या को गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से सबूत मिटाने की नीयत से कैमरे और सोलर प्लेट तोड़ दी गईं, साथ ही घर से नगदी और जेवरात भी चोरी कर लिए गए। परिजनों का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर ओरछा रोड थाने पहुंचे तो पुलिस ने प्रकरण दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
