मुंबई। स्टैंड-अप कमीडियन हर्ष गुजराल ने रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' में अपने अनुभव, साथी प्रतियोगियों के साथ रिश्तों, भविष्य में अन्य रियलिटी शो करने की संभावनाओं पर खुलकर अपनी बात रखी। हर्ष ने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडी में वर्षों की मेहनत और अपनी अलग पहचान बनाने की वजह से उन्हें इस शो का हिस्सा बनने का मौका मिला और उन्होंने शो में मनोरंजन के साथ-साथ स्टंट्स में भी दमदार प्रदर्शन किया।हर्ष गुजराल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि उन्हें हमेशा से लगता रहा है कि स्टैंड-अप कॉमेडी में बनाई गई पहचान की वजह से ही उन्हें 'खतरों के खिलाड़ी' में जगह मिली। शो के निर्माताओं को लगा कि वह प्रतियोगी के तौर पर एक मजबूत एंटरटेनमेंट वैल्यू जोड़ सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जब दर्शक पूरा सीजन देखेंगे तो उन्हें महसूस होगा कि उन्होंने पूरे शो के दौरान अपनी मौजूदगी और प्रदर्शन से खास प्रभाव छोड़ा है।

उन्होंने बताया कि केप टाउन पहुंचने के बाद असली चुनौती का एहसास हुआ। सुबह की कड़ाके की ठंड में पानी में छलांग लगाना, ऊंची इमारतों से स्टंट करना, लंबे समय तक उल्टा लटकना और पानी के भीतर चुनौतीपूर्ण टास्क पूरे करना बेहद कठिन था। सीजन का कोई भी स्टंट ऐसा नहीं था जिसे आसान कहा जा सके। हर स्टंट में एक अतिरिक्त कठिन स्तर था, जिसने प्रतियोगियों की मानसिक और शारीरिक क्षमता की कड़ी परीक्षा ली।

हर्ष ने कहा कि इस शो ने उन्हें अपनी वास्तविक क्षमता और मानसिक मजबूती का एहसास कराया। शो के होस्ट रोहित शेट्टी ने उनकी 'थ्रेशोल्ड' यानी कठिन परिस्थितियों को झेलने की क्षमता की सराहना की। रोहित शेट्टी जैसे अनुभवी व्यक्ति से ऐसी तारीफ मिलना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी। वह शो में सिर्फ मजाक करने या लोगों को हंसाने नहीं गए थे, बल्कि खुद को एक मजबूत प्रतियोगी के रूप में साबित करने का लक्ष्य भी लेकर पहुंचे थे।

हर्ष ने कहा कि शो के 40 दिन उनकी जिंदगी के सबसे अलग अनुभवों में शामिल रहेंगे। यह ऐसा अनुभव था जिसे शायद वह दोबारा कभी अपनी जिंदगी में नहीं जी पाएंगे। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शो खत्म होने के बाद उन्होंने सांप पकड़ना या ऊंचाई से छलांग लगाना शुरू नहीं कर दिया, लेकिन उन 40 दिनों ने उन्हें मानसिक रूप से कहीं ज्यादा मजबूत बना दिया।

साथी प्रतियोगियों के बारे में पूछे जाने पर हर्ष ने कहा कि इस सीजन में लगभग सभी प्रतिभागी बेहद मजबूत थे। उन्होंने विशेष रूप से अविनाश, फराना, ऋत्विक, करण और ओरी का नाम लेते हुए कहा कि सभी ने शानदार प्रदर्शन किया। अविनाश और फराना के स्टंट देखकर ऐसा लगता था जैसे उन्हें पहले से इनका अनुभव हो, जबकि बाकी प्रतियोगियों को कई बार ऐसा महसूस होता था कि जैसे उनके सामने आउट ऑफ सिलेबस सवाल आ गया हो।

शो के दौरान प्रतियोगियों के बीच बने दोस्ताना माहौल पर हर्ष ने कहा कि 40 दिन तक एक साथ रहने के लिए अच्छा वातावरण बनाना बेहद जरूरी होता है। सभी ने साथ मिलकर रील्स बनाई, डांस वीडियो शूट किए और खूब मस्ती की। उनके अनुसार अगर प्रतिभागियों के बीच आपसी तालमेल न हो तो टीम स्टंट और पार्टनर टास्क करना बेहद मुश्किल हो जाता है, इसलिए सभी ने छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करते हुए एक-दूसरे का साथ दिया।

ओरी के बारे में बात करते हुए हर्ष ने कहा कि वह अपनी तरह के बिल्कुल अलग इंसान हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि एक बार सिर्फ एक मंजिल नीचे जाने के लिए भी ओरी ने सीढ़ियों की बजाय लिफ्ट चुनी और कहा कि 'लिफ्ट इज वीआईपी।' ओरी का आत्मविश्वास, उनका अंदाज और उनकी पर्सनालिटी बेहद अलग है। उन्होंने ओरी को 'कम्प्लीट पैकेज' बताते हुए कहा कि उन्होंने स्टंट्स भी शानदार किए और अपने हास्य से भी लोगों का मनोरंजन किया।

उन्होंने कहा कि यदि समय और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो वह 'द ग्रेट इंडियन शो' का हिस्सा बनने में भी रुचि रखते हैं। पहले भी उन्हें शो के लिए बातचीत का प्रस्ताव मिला था, लेकिन बीच में शो से जुड़ी परिस्थितियों के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी। यदि भविष्य में मौका मिलता है तो वह जरूर इसमें हिस्सा लेना चाहेंगे।

देश में हुए विरोध-प्रदर्शन और उस पर नेताओं की टिप्पणियों को लेकर पूछे गए सवाल पर हर्ष ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि कमीडियंस को दोनों पक्षों से आलोचना झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि वह खुद को 'सीजेपी यानी कमीडियन जनता पार्टी' का सदस्य मानते हैं, क्योंकि उन्हें हर तरफ से आलोचनाएं सुननी पड़ती हैं। उन्होंने किसी राजनीतिक पक्ष का समर्थन करने से बचते हुए कहा कि उनका काम लोगों का मनोरंजन करना है।

अपने प्रशंसकों और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के लिए संदेश देते हुए हर्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों को एक-दूसरे के काम का सम्मान करना चाहिए। किसी को कमेंट या डायरेक्ट मैसेज में गालियां देने से किसी का काम रुकने वाला नहीं है। यदि देश को आगे बढ़ाना है तो लोगों को एक-दूसरे का समर्थन करना होगा और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।

भविष्य में अन्य रियलिटी शो करने के सवाल पर हर्ष ने कहा कि अगर कोई अच्छा प्रस्ताव मिलेगा तो वह जरूर विचार करेंगे। हालांकि, उन्होंने माना कि 'बिग बॉस' जैसा लंबा शो करना उनके लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि उसके 100 से अधिक दिनों के शेड्यूल के चलते उनके स्टैंड-अप शो और अन्य पेशेवर कमिटमेंट्स प्रभावित हो सकते हैं। फिर भी उन्होंने कहा कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो भविष्य में इस पर विचार किया जा सकता है।