छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ीमलहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लुगासी शराब दुकान से गढ़ीमलहरा की ओर लाई जा रही शराब से भरी एक स्कॉर्पियो को पकड़ा है। वाहन से करीब 40 से 42 पेटी शराब बरामद होने का दावा किया गया है। मामले में पुलिस ने भुप्पी कोरी और भूपेंद्र कुशवाहा को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, एसपी रजत सकलेचा के निर्देश पर अवैध शराब की तस्करी पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान गढ़ीमलहरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लुगासी स्थित शराब दुकान से शराब की एक खेप स्कॉर्पियो वाहन के जरिए गढ़ीमलहरा लाई जा रही है।

घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोका

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओशो गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो अंदर बड़ी मात्रा में शराब मिली। पुलिस ने वाहन को जब्त कर शराब को अपने कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

लुगासी शराब दुकान से सप्लाई का दावा

प्रारंभिक पूछताछ में शराब की खेप लुगासी स्थित शराब दुकान से गढ़ीमलहरा सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद शराब निवारी निवासी धीरेन्द्र सिंह की बताई जा रही है। हालांकि शराब की वास्तविक सप्लाई और इसके पीछे जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

शराब ठेकेदार की भूमिका भी जांच के घेरे में

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके निर्देश पर गढ़ीमलहरा लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किन परिस्थितियों में की गई। यदि जांच में शराब दुकान से अवैध तरीके से शराब की सप्लाई किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित शराब दुकान के ठेकेदार के खिलाफ भी एफआईआर की कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल पुलिस दोनों हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।