मैहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 किलो गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

Advertisement
मैहर, पुष्पेंद्र कुशवाहा । जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत पुलिस ने 27 किलो से अधिक गांजा और 221 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त कार समेत कुल लगभग 12.75 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामवन पथ गमन मार्ग पर जीतनगर मोड़ पुल के नीचे सर्विस रोड पर घेराबंदी कर काले रंग की डस्टर कार (MP19CC3342) को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान डिग्गी से 27.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.10 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा वाहन से 221 शीशी कोडीन फॉस्फेटयुक्त प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप भी बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपये आंकी गई है। कार में सवार तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में
सुरेन्द्र पटेल, निवासी ग्राम खैरा, थाना कोतवाली मैहर
अंकुश जायसवाल, निवासी पोडी, थाना नागौद, जिला सतना
अमन कुशवाहा उर्फ अंकुश, निवासी ग्राम पोडी, थाना कोतवाली मैहर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20, 21, 22 और 29 तथा मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
