जबलपुर। मध्य प्रदेश के न्यायिक हलके से एक बेहद गौरवपूर्ण और बड़ी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा की पदोन्नति अब देश की सर्वोच्च अदालत में होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में नियुक्त करने की महत्वपूर्ण सिफारिश केंद्र सरकार को भेज दी है। इस फैसले के बाद प्रदेश के कानूनी और प्रशासनिक गलियारों में हर्ष का माहौल है।


प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली में 22 और 27 मई, 2026 को आयोजित हुईं सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की महत्वपूर्ण बैठकों में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के नामों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इन बैठकों के बाद कॉलेजियम ने कुल पांच प्रतिष्ठित नामों को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश (जज) के पद पर प्रोन्नत करने के लिए अंतिम मंजूरी दी, जिसमें जस्टिस संजीव सचदेवा का नाम प्रमुखता से शामिल है।


जस्टिस संजीव सचदेवा का सफर: जस्टिस संजीव सचदेवा का मूल हाई कोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट (PHC: High Court of Delhi) है। वहां से स्थानांतरित होकर वे मध्य प्रदेश हाई कोर्ट आए और वर्तमान में यहाँ मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले सुनाए हैं।


कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित अन्य 4 नाम: जस्टिस संजीव सचदेवा के अलावा कॉलेजियम ने चार अन्य दिग्गजों के नामों की भी सिफारिश की है, जो इस प्रकार हैं:

जस्टिस शील नागू: वर्तमान में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस हैं (मूल हाई कोर्ट: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट)।

जस्टिस श्री चंद्रशेखर: वर्तमान में बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस हैं (मूल हाई कोर्ट: झारखंड हाई कोर्ट)।

जस्टिस अरुण पल्ली: वर्तमान में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस हैं (मूल हाई कोर्ट: पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट)।

श्रीमती वी. मोहाना: सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate, Supreme Court of India)। इन्हें सीधे बार से जज के रूप में प्रमोट करने की सिफारिश की गई है।


कॉलेजियम की इस आधिकारिक सिफारिश को अब केंद्रीय विधि और न्याय मंत्रालय के माध्यम से राष्ट्रपति भवन भेजा जाएगा। महामहिम राष्ट्रपति की औपचारिक स्वीकृति और वारंट जारी होने के बाद सभी नवनियुक्त न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।