दुबई। मेजबान नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) समेत आठ टीमें आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2027 में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी। इन टीमों के बीच चार स्थानों के लिए मुकाबला होगा, जिसके लिए सभी टीमें 4 से 21 दिसंबर तक काठमांडू में होने वाले क्वालीफायर प्लेऑफ में हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में होगा।आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड क्वालीफायर प्लेऑफ के पहले दिन, मेजबान नेपाल का सामना इटली से होगा। यह मैच त्रिभुवन यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है। उसी समय मुलपानी क्रिकेट ग्राउंड पर नामीबिया और युगांडा के बीच भिड़ंत होगी।
कनाडा, कुवैत, जर्सी और यूएई भी 10-टीमों वाले ग्लोबल क्वालीफायर में अपनी जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इस ग्लोबल क्वालीफायर के जरिए आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिए आखिरी चार टीमों का फैसला होगा।
आयरलैंड और वेस्टइंडीज पहले ही ग्लोबल क्वालीफायर में जगह बना चुके हैं, जो वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाली आठ टीमों के बाद सबसे अच्छी रैंकिंग वाली दो टीमें हैं। इसमें मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल नहीं हैं।
वहीं, यूएसए, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और ओमान ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के जरिए ग्लोबल क्वालीफायर में जगह सुनिश्चित की है।
ग्लोबल क्वालीफायर में जीत हासिल करने वाली टीम को आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के ग्रुप स्टेज में सीधी एंट्री मिलेगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें नई बनी 'सुपर सीरीज' में शामिल होंगी।
साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक होगा, जिसमें 14 टीमें 12 वेन्यू पर कुल 57 मैच खेलेंगी।















