बांदा, अनवर रजा। जिले के बेंदा घाट स्थित यमुना नदी के पुल से शनिवार दोपहर एक 55 वर्षीय अधेड़ ने नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान रामचंद्र के रूप में हुई है, जो पिछले 20-25 वर्षों से बेंदा घाट पर रहकर शादी-विवाह समारोहों में बारी का काम करता था। पूर्व प्रधान विवेक सिंह के अनुसार, स्थानीय लोग उसे रामचंद्र के नाम से जानते थे, हालांकि उसके मूल निवास और परिवार के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं थी। वह काम खत्म करने के बाद अक्सर दुकानों के बाहर ही सो जाया करता था।
ये भी पढ़ें




घटना के दिन शनिवार दोपहर वह यमुना तट के पास पहुंचा और पुल से नदी में छलांग लगा दी। नदी की तलहटी में सब्जी की बारी कर रहे स्थानीय निवासी राजेश निषाद ने उसे कूदते हुए देखा और तुरंत पूर्व प्रधान विवेक सिंह को इसकी सूचना दी। इसके बाद लोगों ने बेंदा घाट पुलिस चौकी इंचार्ज दिनेश गौतम को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को नदी में उतारा गया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस द्वारा शिनाख्त के प्रयास किए जाने पर लोगों ने बताया कि मृतक खुद को प्रतापगढ़ का निवासी बताता था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

















