छतरपुर, संदीप यादव: जिले की इमिलिया पंचायत के ग्राम बनियन में रविवार सुबह जमीन के एक पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत की जुताई को लेकर हुए इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और फरसे चले। आरोप है कि एक पक्ष के 8 से 10 लोगों ने जान से मारने की नीयत से दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया और ट्रैक्टर चढ़ाने की भी कोशिश की। इस भीषण संघर्ष में महिला समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जुताई के विरोध पर बढ़ा विवाद घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन के मालिकाना हक को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे एक पक्ष के लोग जब उस जमीन की जुताई करने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने इसका कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए और मामूली कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
घायलों के नाम और आरोपी इस हिंसक घटना में चतुर यादव (55), राम प्रताप यादव (35), सोहन यादव (40), लखन यादव (35), रघुवीर यादव (65) और गोरी बाई (60) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पीड़ित पक्ष के राम प्रताप और सोहन यादव ने कोमल यादव, वीरेंद्र यादव, रंधावा उर्फ प्रेमदास यादव, रामबाबू यादव और नितेश यादव समेत अन्य लोगों पर घर में घुसकर या खेत पर घेरकर हमला करने और जान से कुचलने का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ये भी पढ़ें




गांव में तनाव, पुलिस जांच जारी दिन दहाड़े हुई इस खूनी झड़प के बाद पूरे बनियन गांव में तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















