सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र में करीब दो महीने पुराने लेडी डांसर मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। मामले की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे पूरे इलाके को स्तब्ध कर देने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुरेंद्र अहिरवार और मृतका के बीच लंबे समय से नजदीकी संबंध थे। दोनों कार्यक्रमों के सिलसिले में एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। लेकिन जब यह बात सामने आई कि आरोपी मृतका की बेटी के साथ भी शारीरिक संबंध बना चुका है, तो घर में तनाव चरम पर पहुंच गया।

कहासुनी हिंसा में बदली, गला दबाकर की हत्या
घटना वाले दिन दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपी ने गुस्से में आकर महिला का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने मृतका के शव को घर में रखे डबल बेड के बॉक्स में छिपा दिया और ताला लगाकर फरार हो गया। कुछ दिनों बाद जब शव से बदबू आने लगी, तब परिजनों को शक हुआ।

गुमशुदगी रिपोर्ट से खुलासा
परिजनों ने महिला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी जेल में
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।