रीवा। रीवा संभाग के नवागत आयुक्त शीलेंद्र सिंह ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार (पदभार) संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि संभाग के सभी जिलों और विकासखंडों का सर्वांगीण विकास करना प्रशासन का मुख्य ध्येय रहेगा।


उन्होंने जोर देकर कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जाएगा, साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता, सुशासन और जनहित को सर्वोपरि रखा जाएगा। आयुक्त ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और विकास की संभावनाओं को गति देने के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की है। इससे पूर्व, रीवा संभाग के नवागत आयुक्त शीलेंद्र सिंह ने रविवार रात मैहर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शारदा धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।